
देवघर: देवघर नगर थाना क्षेत्र के शंख मोड़ के समीप एक वीरान पड़े घर से अज्ञात महिला का शव नगर पुलिस ने बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार मकान से दुर्घन्ध आ रही थी। जब लोगों ने करीब जाकर देखा तो सकते में आ गये। मकान में किसी की लाश पड़ी थी। तुरंत लाश होने की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गयी।

सूचना पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि एक महिला की लाश पड़ी हुई है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। मृतक महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
घटनास्थल पर पहुंचे देवघर एसडीपीओ पवन कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा कि महिला की हत्या की गयी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। जल्द ही मामले का उद्भेदन किया जायेगा।


