
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया रिफ्यूजी कॉलोनी में ईंट हटाने के विवाद में हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का नाम राकेश महथा है जो रिफ्यूजी कॉलोनी बरमसिया का रहने वाला है। उसके सिर पर लोहे के रड से मारा गया जिससे उसे गंभीर चोट लग गयी।

घटना के बाद परिजन टोटो में लेकर उसे नगर थाना पहुंचे। नगर थाना के ओडी पदाधिकिारी ने इंज्यूरी काट कर पहले इलाज के लिये सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने बताया कि मामूली विवाद में पड़ोस के पांच-छह युवक उसके घर के पास पहुंचे और गाली गलौज करने लगे। जब गाली देने से मना किया तो राकेश के उपर रड और डंडा से वार कर दिया। जिससे वह वहीं जमीन पर गिर कर बेहोश हो गया। किसी तरह होश में लाकर उसे लेकर थाना पहुंचे।

इधर, दूसरे पक्ष के कुछ लोग पैरवी लेकर थाना पहुंच गये। मामले को लेकर थाना प्रभारी कुमार अभिषेक ने बताया कि घायल को थाना से पहले इलाज के लिये सदर अस्पताल भेजा गया। उसके द्वारा आवेदन देने के बाद उचित कार्रवाई की जायेगी।



