
Deoghar: संप चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज देवघर एवं एशिया पैसिफिक कार्गो मैनेजमेंट प्रा. लि. के संयुक्त तत्त्वाधान में देवघर एयरपोर्ट से संबंधित एयर कार्गो सेवा की संभावनाओं और अवसर पर एक वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसके साथ ही देवघर में एक्सपोर्ट और इम्पोर्ट के व्यवसाय भी शुरू करने के अवसर के बारे में जानकारी दी गई।

जानकारी हो कि संप चैम्बर के अध्यक्ष आलोक मल्लिक और एस डी एंड एसोसिएट्स के सीए गणेश केशरी ने कोलकाता के एशिया पैसिफिक कार्गो मैनेजमेंट (एपीसीएम) कंपनी के साथ मिलकर देवघर एयरपोर्ट से कार्गो सेवाएं शुरू कराने की कवायद शुरू की है।

चैम्बर के अधिकारियों और कई सदस्यों और व्यवसायियों को एपीसीएम के डायरेक्टर शिलादित्य चक्रवर्ती एवं अनामित्र रायचौधरी टॉग डीजीएम कार्गो सुनील बिष्ट ने विस्तार से कार्गो सेवा और लॉजिस्टिक्स बिज़नेस की संभावनाओं को बताया। उन्होंने चैम्बर के सदस्यों को कहा कि देवघर और यहां के नजदीकी क्षेत्रों में कई ऐसे प्रोडक्ट हैं जिसको लेकर यहां कार्गो सेवा और निर्यात शुरू हो सकती है।
पेड़ा, सब्जी, कटहल, बरबट्टी, शिल्क, टेक्सटाइल, माइका एवं अन्य मिनरल, आर्टिसन प्रोडक्ट्स, आम, लीची, केला, फूल आदि देवघर के लॉजिस्टिक प्लेटफॉर्म को माइक्रो लेवल पर परिवर्तन की संभावना रखती है। उन्होंने कहा कि देवघर के उद्यमियों को कार्गो एजेंसी, फ्रेट फॉरवार्डर, लॉजिस्टिक कंसल्टेशन तथा लॉजिस्टिक सेन्टर बनाने के लिए आगे बढ़ना चाहिए। मौजूदा दौर और बिज़नेस के साथ भी ये कार्य हो सकते हैं।
चैम्बर अध्यक्ष आलोक मल्लिक ने कहा कि हमलोग एक-दो कार्गो एजेंसी और लॉजिस्टिक प्लेटफॉर्म बना लें तो देवघर एयरपोर्ट से कार्गो सुविधा बहाल हो सकती है। देवघर एयरपोर्ट के डायरेक्टर संदीप ढींगरा ने कहा कि चैम्बर और एपीसीएम को कार्गो सेवा शुरू कराने के प्रयास प्रशंसनीय हैं। उन्होंने कहा कि चैम्बर यदि एक विस्तृत प्रपोजल बनाकर देगी और कुछ कार्गो एजेंसी को लेकर आएगी तो देवघर एयरपोर्ट के गवर्निंग बॉडी में इसे रखकर यहां से कार्गो सेवाएं शुरू किया जा सकता है। एयरपोर्ट बोर्ड के समक्ष भी चैम्बर अपना प्रेजेंटेशन कर सकती है।
वर्कशॉप में बताया गया कि देवघर एयरपोर्ट में कार्गो टर्मिनल, एयर फ्रेट स्टेशन, लॉजिस्टिक हब, एपीडा एप्रूव्ड पैक हाउस, ई-कॉमर्स वेयरहाउस के विकास की अपार संभावनाएं हैं। इसके साथ ही नजदीकी क्षेत्रों से उत्पादों के कलेक्शन सेन्टर बनाए जा सकते हैं। किसी भी बड़े प्रोजेक्ट के आने से क्षेत्र में कई तरह के अप्रत्यक्ष फायदे होते हैं। देवघर में भी एयरपोर्ट कई सब-ऑर्डिनेट बिज़नेस के स्कोप दे रहा है। हमें जरूरतों का आकलन कर उसके हिसाब से बढ़ने की जरूरत है। चैम्बर और एपीसीएम इसके लिए गाइडेंस, सलाह, ट्रेनिंग और नॉलेज देने के लिए तैयार है।
एपीसीएम के उपरोक्त अधिकारियों के अलावे, सीए सुरोजित बनर्जी, चैम्बर के उपाध्यक्ष संजय मालवीय, महासचिव प्रमोद छावछारिया, संयुक्त सचिव आनंद साह, कार्यकारिणी सदस्य निरंजन सिंह, प्रिंस सिंघल, अजय कुमार, निर्मल कुमार, बीरेन्द्र सिंह, उदय कुमार, रविश कुमार, सहित कई उद्यमी शामिल थे।


