
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बाजला चौक से बंपास टाउन जाने वाले रास्ते में जमुना जोर पुल के पास एक अनियंत्रित स्कूल बस का कहर देखने को मिला। स्कूल बस ने कई गाड़ियों को धक्का मारा। जिसमें एक स्कूटी भी शामिल है।

इस घटना में अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने जा रहे स्कूटी सवार शख्स कुंडा थाना क्षेत्र के करनीबाग निवासी 37 वर्षीय आलोक कुमार सिंह की मौत इलाज के दौरान सदर अस्पताल में हो गई। जबकि पांच वर्षीय बच्चा अर्णव घायल है।

घटना को लेकर लोगों ने बताया कि बॉम्पास टाउन से पहले जमुनाजोर पुल के पास संत जेवियर स्कूल के बस चालक तेजी एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए जा रहा था। तभी बस ने एक टोटो, स्कूटी और कार को जोरदार धक्का मारते हुए पुलिया से जा टकराई। इस घटना में टोटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टोटो चालक गंभीर रूप से घायल है। जबकि स्कूटी सवार व्यक्ति की मौत इलाज के क्रम में हो गई। वहीं, स्कूटी सवार बच्चा घायल है।
लोगों ने बताया कि अगर कार सामने नहीं आती तो बड़ी घटना घट सकती थी। गनीमत रही कि बस पुलिया से टकरा कर रुक गई। इस दौरान बस पर करीब तीन दर्जन स्कूली बच्चे मौजूद थे।
मौके पर से पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। वही बस को भी जब्त कर लिया गया है।



