
Jaipur: सिरोही जिले के पालड़ी एम थाना इलाके में रविवार सुबह हुए गलत दिशा से आ रहे एक ट्रोला पहले एक ट्रक से जा भिड़ा और फिर दो कारें ट्रक में घुस गई। रफ्तार तेज होने के कारण ट्रक से भिड़ी पहली कार के परखच्चे उड़ गए। भीषण सड़क हादसे में तीन महीने की बच्ची सहित छह लोगों की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त कार से निकालकर इलाज के लिए शिवगंज पहुंचाया। घायलों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद उनको सिरोही अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं पीछे वाली कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस उप अधीक्षक पारसा राम चौधरी ने बताया कि घटना रविवार सुबह सिरोही में ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन हाईवे के उथमण टोल प्लाजा की है। जहां बेटी को कांस्टेबल परीक्षा दिलाने जा रहे रेवदर निवासी उनाराम की ईको कार तेज रफ्तार में होने के कारण ट्रक से भिड़ गई।

इस हादसे में पुनाराम पुत्र ओटाराम देवासी निवासी उडवारिया, सुगना देवी पुत्री ओबाराम देवासी निवासी उडवारिया, पूनम पुत्री लखमाराम देवासी निवासी देवली की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पोनी देवी पत्नी लखमाराम देवासी निवासी देवली की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हुई। वहीं दो मृतक महिलाओं की अभी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्तगी के प्रयास कर रही है।
वहीं भीषण सड़क हादसे में अंबाजी (गुजरात) निवासी पार्वती पत्नी शंकर प्रजापत, भोपालगढ़ (जोधपुर) निवासी मांगीलाल पुत्र भोपाराम मेघवाल, राबडर (शिवगंज) निवासी मालदेव सिंह पुत्र नारायण सिंह, उडवारिया (अनादरा) निवासी गोपाराम पुत्र तेजा देवासी और पार्वती देवी पुत्री लखमा राम गंभीर घायल हो गए। घायलों को सिरोही अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।


