Deoghar: जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के ठाढ़ी दुलमपुर इलाके में एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ठाढ़ीदुलमपुर की रहने वाली मृतका का नाम 65 वर्षीय फुलिया देवी है। मृतका घर-घर घूमकर सब्जी बेचने का काम करती थी।

स्थानीय लोंगो ने बताया कि मृतका मेन रोड से अपने घर ठाढ़ीदुलमपुर लौट रही थी। वहीं रास्ते मे जेसीबी के माध्यम से एक ट्रैक्टर पर गिट्टी लोड किया जा रहा था। ट्रैक्टर चालक वाहन को पीछे कर रहा था। उसी दौरान बुजुर्ग महिला चपेट में आ गई। ट्रैक्टर का पिछला चक्का महिला के सिर पर चढ़ गया। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई।

जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर काफी संख्या में स्थानीय महिला व पुरूष जमा हो गए और मृतका के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग करने लगे। घटनास्थल पर उपस्थित लोंगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई भी कर दी।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही कुंडा थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सदल बल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस पहले शव को किसी तरह कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने लोगों से छुड़ाकर ड्राइवर को हिरासत में और ट्रैक्टर को कब्जे में लिया।
स्थानीय लोग ट्रैक्टर को काफी देर तक थाना नहीं ले जाने दे रहे थे। लोगों का कहना था कि मृतका निहायत गरीब है। ट्रैक्टर मालिक उसके परिवार के भरणपोषण के लिए मुआवजा दे। हालाँकि थाना प्रभारी द्वारा काफी देर तक समझाने के बाद लोगों ने ट्रैक्टर को जाने दिया।



