Deoghar News : सारवां थाना क्षेत्र अंतर्गत रौशन मोड़ एवं धनहेत के बीच एक अक्टूबर को हुई लूट की घटना के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन बालकों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने इनके पास से दो मोबाइल फोन, लूटे गये 790 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त दो काले रंग की पल्सर एन160 मोटरसाइकिल बरामद की है।

इस संबंध में सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया की घटना के बाद से सारवां थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही थी। बताया कि इसी क्रम में थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली कि कुछ अज्ञात अपराधकर्मी एकत्रित होकर अपराध की घटना को अंजाम देने के लिए पल्सर मोटरसाइकिल से नारंगी मोड़ की ओर घूम रहे हैं।

सूचना से वरीय पदाधिकारी को अवगत कराने के बाद निर्देशानुसार पुलिस ने नारंगी मोड़ से भैयाडीह जाने वाली सड़क पर चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद दो पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार चार व्यक्ति वहां पहुंचे। पुलिस की गाड़ी देखते ही चारों दोनों मोटरसाइकिल घुमाकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने पीछा कर चारों को पकड़ लिया।
पूछताछ में एक ने अपना नाम विष्णु कुमार दास (22 वर्ष), पिता- सरलु दास, निवासी करमाटांड़, थाना-जसीडीह, जिला-देवघर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार मोबाइल के संबंध में पूछताछ करने पर विष्णु कुमार दास ने बताया कि एक अक्टूबर की शाम रौशन मोड़ और धनहेत के बीच लूटपाट की गयी थी, जिसमें उक्त मोबाइल मिला था।
वहीं विष्णु दास के साथ निरुद्ध तीन बालकों से पूछताछ एवं तलाशी लेने पर एक मोबाइल और 790 रुपये बरामद हुए। मोबाइल के संबंध में पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि 22 सितंबर 2026 को मणिगढ़ी के पास से छिनतई की गयी थी, जिसमें उक्त मोबाइल मिला था।
ये सामान हुए बरामद
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को छिनतई किया गया ओप्पो रेनो मोबाइल, एक अक्टूबर 2026 को लूटा गया मोबाइल, लूटी गयी 790 रुपये की नकदी तथा कांड में प्रयुक्त दो काले रंग की पल्सर एन-160 मोटरसाइकिल बरामद की गयी है।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल
छापेमारी दल में पुअनि संदीप कुमार, थाना प्रभारी सारवां, पुअनि अमरेश सोलंकी, सअनि सच्चिदानन्द सिंह सहित थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।



