Deoghar Cyber Crime News : पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के आदेशानुसार साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे लगातार अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस ने 15 अक्टूबर को तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई वरीय पुलिस उपाधीक्षक, साइबर अपराध, देवघर कैलाश प्रसाद महतो के निर्देश पर की गई।

प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पथरड्डा ओपी क्षेत्र के सूरा-भूरा जंगल में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधियों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। बताया गया था कि आरोपी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट, अमेजन के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी तथा गूगल पे-फोनपे कस्टमर केयर के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

इसके अलावा पीएम किसान योजना एवं लोन दिलाने के नाम पर भी फर्जी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर ऑनलाइन ठगी किए जाने की सूचना थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन एवं सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता पाई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों का नाम-पता
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में संदीप दास, ग्राम धनपलासी, छोटु कुमार दास, साकिन करहैया तथा सरवण यादव, साकिन कुण्डारो, थाना पथरड्डा ओपी, जिला देवघर शामिल हैं।
बरामद सामान
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से 03 मोबाइल फोन एवं 03 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त छोटु कुमार दास पूर्व में साइबर थाना देवघर कांड संख्या 70/2023 में आरोपपत्रित है।
छापेमारी टीम
छापेमारी दल में पुनि संतोष कुमार मंडल, साइबर थाना देवघर तथा पथरड्डा ओपी की पुलिस टीम शामिल थी।



