
Jamshedpur: बर्मामाइंस थाना इलाके के कैरिज कॉलोनी में समधी ने समधन की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद समधन के घर में ही खुद को आग लगा लिया। सूचना पर पहुंची बर्मामाइंस थाना पुलिस ने दोनों को एमजीएम अस्पताल (MGM Hospital) पहुंचाया। डॉक्टरों ने समधन को मृत घोषित कर दिया, जबकि समधी की गंभीर स्थिति देखते हुए टाटा मुख्य अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस के अनुसार सोमा चटर्जी की बड़ी बेटी सीमा राय के ससुर रंजीत राय रविवार की सुबह समधन के घर पहुंचे। किसी बात को लेकर उनकी समधन के साथ तू-तू मैं-मैं हो गई। इसके बाद रंजीत राय ने समधन की चाकू से गला रेत दी। फिर समधन के घर में ही आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पड़ोसियों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

उधर, घटना की सूचना मिलते ही रंजीत राय की बड़ी बहू सीमा राय मायके पहुंची और खून से लथपथ मां को देखकर बेसुध हो गई। सीमा ने बताया कि उसके ससुर सब्जी लाने की बात कहकर घर से निकले थे। मगर उसके मायके पहुंचकर उसकी मां की हत्या कर दी और खुद को आग के हवाले कर लिया। आग से घर में रखे सामान जलकर खाक हो गए। पड़ोसियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आरोपित ने ऐसा क्यों किया, पुलिस इसकी जांच कर रही है।


