Medininagar: पांडू थाना क्षेत्र में रितेश विश्वकर्मा उर्फ छोटू विश्वकर्मा (24) का शव संदिग्ध हालात में कुएं से मिला। मृतक के परिजनों ने उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। उसके परिजनों का आरोप है कि शराब पिलाने के बाद उसकी हत्या की गई है।
युवक पांडु थाना क्षेत्र के कजरु खुर्द के सिवंडीह टोला निवासी था। छोटू पिछले तीन दिनों से घर से लापता था। उसकी तलाश में परिजन लगे हुए थे। थाना को भी युवक के लापता होने की जानकारी दी गई थी। कजरू खुर्द स्थित बक्स बाबा के समीप कुएं में उसका शव मिला है। कजरू खुर्द के ग्रामीणों ने कुएं में शव देखने के बाद पुलिस को जानकारी दी। घटनास्थल पर पांडू पुलिस के पहुंचने के बाद काफी मशक्कत से ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला।
जानकारी मिलने के बाद छोटू के परिजन वहां पहुंचकर शव की पहचान की। युवक का चेहरा पत्थर से विकृत कर शव को कुएं में फेंक दिया गया था। इस दौरान पुलिस के प्रति लोगों का आक्रोश दिखा। एसपी ने ग्रामीणों को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। तब जाकर ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सौंपा।जानकारी के मुताबिक पांच लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।