Deoghar News : खाद्य सुरक्षा विभाग, देवघर की ओर से बुधवार को शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान मिठाई दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट एवं फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

अभियान के दौरान मिलावटी एवं एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया गया, जबकि अस्वच्छ परिस्थितियों में लड्डू निर्माण करते पाए जाने पर एक प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निरीक्षण के क्रम में हरि किशुन साह लेन स्थित बबलू कुमार केशरी के लड्डू निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया गया।

यहां से बूंदी लड्डू और बेसन लड्डू के दो नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। वहीं, अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी गई 10 लीटर चाशनी को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। लड्डू निर्माण में स्वच्छता मानकों का पालन नहीं किए जाने पर बबलू कुमार केशरी का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

वहीं, केशरिया स्वीट्स में 12 लीटर एक्सपायर्ड मेधा दूध के दो पैकेट नष्ट कराते हुए प्रतिष्ठान को नोटिस दिया गया। तिवारी चौक स्थित एक छोले-भटूरे के स्टॉल पर छोले में अखाद्य रंग पाए जाने पर करीब छह किलोग्राम छोले को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
इसके अलावा गणेश मिष्ठान भंडार, श्री गणेश भोजनालय, किशोर गुजराती डोसा, चुलबुल मोमोज स्टॉल, देवघर वेज मंचूरियन, मोमो वाला, द फेमस बिग रोल, तिवारी जी का दुकान एवं मधुरम स्वीट्स सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया।
इस दौरान पनीर, मिठाई, चटनी, मसाले, सांभर, आलू मसाला एवं सॉस सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का उपयोग करने तथा वैध खाद्य लाइसेंस के साथ ही कारोबार संचालित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन, शैलेश कुमार यादव एवं अंजलि विवा मिंज सहित अन्य शामिल थे।



