Deoghar: मोहनपुर थाना क्षेत्र के बुढ़वाकुरा गांव के पास बुधवार को बाइक के धक्के से गंभीर रूप से घायल 70 वर्षीय साइकिल सवार बुजुर्ग की इलाज के दौरान देवघर सदर अस्पताल में मौत हो गई। मृतक की पहचान बुढ़वाकुरा गांव निवासी सोनेलाला हांसदा के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि सोनेलाला हांसदा साइकिल से अपना खेत देखने गए थे। खेत से वापस घर लौटने के दौरान तेज गति से आ रही बाइक के चालक ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया। इससे वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के क्रम में ही उनकी मौत हो गई।
इधर, घटना के बाद ग्रामीणों ने धक्का मारने वाली बाइक को पकड़ लिया और मोहनपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, सदर अस्पताल प्रबंधन की ओर से घटना की सूचना स्थानीय बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस को दी गई।



