
Pakud: प्रेमी एवं मायके वालों के साथ मिलकर पत्नी ने अपने पति की गला दबाकर हत्या कर दी। साथ ही हत्या का साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को फंदे पर लटका दिया। मामला रविवार की शाम मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के रामचन्द्रपुर गांव का है।

सोमवार को मृतक जेकेर शेख की पत्नी मुमताज बीबी को गिरफ्तार किया गया है। इस सिलसिले में पत्नी मुमताज बीबी, प्रेमी अंजारुल सेख के अलावा मृतक के ससुराल पक्ष के लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है।

एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि मुमताज बीवी का अंजारुल शेख के साथ प्रेम-प्रसंग एवं पारिवारिक विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के रामचन्द्रपुर गांव में जेकेर शेख के फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दिलीप कुमार मल्लिक सदल बल घटनास्थल पर पहुंचे। पहले फंदे से लटकते मृतक के शव को उतरवाया। जांच के दौरान संदेह हुआ कि मामला आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का है। हमने जब परिजन सहित पड़ोसियों से पूछताछ की तो घटना की मुख्य वजह पति पत्नी के बीच जारी विवाद एवं प्रेम प्रसंग की बात सामने आई।
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि मुमताज बीबी ने अपने मायके के सदस्यों एवं प्रेमी अंजारुल शेख के साथ मिलकर जेकेर शेख की पहले गला दबाकर हत्या की फिर घटना को आत्महत्या करार देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। उसके बाद पति की हत्या के आरोप में पत्नी मुमताज बीबी को गिरफ्तार किया गया है। प्रेमी अंजारूल शेख सहित अन्य नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी को ले छापामारी की जा रही है। एसडीपीओ विमल ने बताया कि जेकेर शेख की हत्या की मुख्य वजह पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद के अलावा प्रेम प्रसंग भी है।


