Deoghar News : सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के बैहंगा गांव के पास जेसीबी और बाइक की टक्कर में बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान तालझारी थाना क्षेत्र के गहरीताड़ निवासी शिबू टुडू के रूप में हुई है।

वह तालझारी थाना में चौकीदार के पद पर कार्यरत था। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, शिबू टुडू किसी काम से बैहंगा गांव की ओर गया था। वहां से लौटने के दौरान बैहंगा गांव के पास तेज गति से आ रही जेसीबी ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

इस दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय स्तर पर उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है।



