Deoghar: एम्स देवघर (AIIMS) के निर्माणाधीन भवन से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। घायल मजदूर को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, निर्माणाधीन होस्टल भवन में प्लास्टर करने का कार्य 58 वर्षीय मजदूर महेन्द्र प्रसाद सिंह कर रहा था। उसके साथ एक अन्य मजदूर मदन कुमार भी था। तभी अचानक ट्राली टूट गयी जिससे दोनों उंचाई से नीचे जमीन पर गिर पड़े।
हादसे में महेन्द्र की मौत हो गई। जबकि मदन गंभीर रूप से जख्मी हो गया। दोनों मजदूर बिहार के भागलपुर जिला के जगदीशपुर का रहने वाले बताए जा रहे हैं।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही देवीपुर थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, घायल मदन का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।