- सुरक्षित गाँव हमर गांव बनाने के उद्देश्य से प्रखंड व पंचायत स्तरीय कोविड टास्क फोर्स का गठन:- उपायुक्त
- वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी प्रज्ञा केंद्र संचालकों एवं कृषक मित्रों से उपायुक्त ने मुलाकात कर लोगों को जागरूक करने का आग्रह किया
- कोविड का टीका और कोविड नियमों को अपने व्यवहार में सभी को शामिल करने की आवश्यकता:- उपायुक्त
- लोगों को जागरूक करने में आप सभी की भूमिका महत्वपूर्णः उपायुक्त
- आपसी समन्वय के साथ प्रखंड व पंचायत स्तर पर कार्य करने की आवश्यकता:- उपायुक्त

देवघर: “सुरक्षित गांव, हमर गांव” बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में आज जिले के प्रज्ञा केंद्र संचालकों, कृषक मित्रों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ ऑनलाइन परिचर्चा सह बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने सभी को प्रेजेंटेशन के माध्यम से सभी को कोविड से बचाव, लक्षण, रोकथाम, इलाज, होम आइसोलेशन, चिकित्सकों द्वारा दी गई सलाह, ब्लैक फंगस, स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत जारी आवश्यक गाइडलाइन के अलावा प्रतिरोधक क्षमता को बनाये रखने से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने प्रखंड स्तरीय कोविड टास्क, पंचायत स्तरीय कोविड टास्क फोर्स की जानकारियों के अलावा ग्रामीण क्षेत्र में कोविड वैक्सिन के प्रथम डोज, द्वितीय डोज, कोरोना संक्रमण व वैक्सिनेशन को लेकर जागरूकता के साथ कोविड नियमों का शत प्रतिशत अनुपालन, साफ-सफाई, कोविड रोकथाम के विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए अपने-अपने स्तर से लोगों को जागरूक करने का आग्रह किया।

इस दौरान विभिन्न पंचायतों के कृषक मित्रों व प्रज्ञा केंद्र संचालकों द्वारा अपने-अपने विचार व सुझाव उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए गए। साथ हीं अपने अपने पंचायतों में वैक्सीनशन और कोविड नियमों के अनुपालन व रोकथाम में शत प्रतिशत अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।
■ उपायुक्त ने पंचायत स्तर पर दो-दो दलों का गठन करने का दिया है निर्देश
इसके अलावे बैठक के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री द्वारा जानकारी दी गई कि प्रखण्ड स्तरीय कोविड टास्क फोर्स गठन करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है, ताकि ग्रामीण स्तर पर कोविड रणनीति का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा सके। इसके लिए सभी प्रखण्ड कोविड टास्क फोर्स का गठन करते हुए अध्यक्ष के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी / अंचल अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सदस्य सचिव, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, सदस्य, थाना प्रभारी सदस्य, महिला पर्यवेक्षिका , समाज कल्याण सदस्य, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक ( जे०एस०पी०एल०एस ) सदस्य, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सदस्य, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सदस्य, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सदस्य शामिल रहेंगे। साथ ही उपायुक्त ने पंचायत स्तर पर कोविड टास्क फोर्स के अलावा पंचायत स्तर पर दो दलों के गठन की जानकारियों से अवगत कराया। एक दल का कार्य पंचायत स्तर पर कोविड संक्रमित व्यक्ति की पहचान करना तो दूसरे दल का कार्य हर कोविड संभाव्य व्यक्ति की रैट जांच सुनिश्चित करना होगी। साथ ही इन पंचायत स्तरीय दोनों दलों में सहिया , सहायिक , आंगनवाड़ी सेविका, जेएसलपीएस की दीदी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, सीएचओ, बीआईटी, साहिया साथी आदि को जोड़ा गया है।
■ होम आइसोलेशन से जुड़ी जानकारियों से उपायुक्त ने सभी को कराया अवगत
बैठक के दौरान होम आइसोलेशन से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि जिन लोगों को कोरोना के माइल्ड लक्षण हों उन्हें खुद को घर में चौदह दिन के लिए सेल्फ़ आइसोलेट कर लेना चाहिए। चिकित्सकों व विशेषज्ञों की सलाह के मुताबिक कोरोना के माइल्ड लक्षण दिखने पर सीधे अस्पताल जाने से बचना चाहिए। लेकिन ज़रूरत पड़ने पर चिकित्सकों से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही केंद्र व राज्य सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन, कौन-सी दवाइयों की आवश्यकता और आइसोलेशन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों से सभी को अवगत कराया।
इसके अलावे बैठक के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी कृषक मित्र, प्रज्ञा केंद्र संचालक अपने-अपने क्षेत्र के जागरूक और महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में लोगों को जागरूक और सतर्क करने में आप सभी की भूमिका महत्वपूर्ण है। साथ ही वर्तमान समय मे ग्रामीण क्षेत्रों में सावधानी और सतर्कता के साथ कोविड नियमों का अनुपालन, वैक्सीनशन अत्यंत महत्वपूर्ण है, ताकि संक्रमण की चैन को तोड़ा जा सके।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर काफी असरदायक साबित हो रही है, इसमें थोड़ी सी लापरवाही से खतरा काफी बढ़ सकता है , ऐसे में संक्रमण के खतरे से बचने के लिए वैक्सिनेशन सुरक्षा कवच है। वर्तमान में सबसे महत्वपूर्ण है कि अपने साथ – साथ अपने परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा का विशेष रूप से ख्याल रखें। साथ ही वैक्सीन को लेकर भ्रांतियों को हर स्तर पर दूर करने के प्रयास में जिला प्रशासन का शत प्रतिशत सहयोग करें।
■ वर्तमान में मास्क, साफ-सफाई व कोविड नियमों का अनुपालन अति महत्वपूर्णः-उपायुक्त
बैठक सह परिचर्चा के दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई है कि स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड नियमों के शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के अलावा लोगों को सतर्क और जागरूक करने की कड़ी को मजबूत करने के उद्देश्य से आप सबों को जोड़ते हुए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश संबंधित अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित थानों के थाना प्रभारी को दिया है, ताकि 194 पंचायत में वैक्सीनशन, कोविड टेस्टिंग, स्वास्थ्य व्यवस्था की निगरानी को लेकर (सुरक्षित गांव, हमर गांव) बनाने के साथ पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व कर्मियों के साथ आप सबों को जोड़ा जा रहा है, ताकि पंचायत स्तर की आवश्यकताओं को देखते हुए उसे त्वरित पूरा किया जा सके।


