रांची: झारखंड (Jharkhand) में 14 मई से 18 से 44 वर्ष के उम्र के लोगों को वैक्सीन दी जाएगी। सरकार ने 18 प्लस उम्र वालों को कोरोना वैक्सीन (Corona Vaccine) देने की तैयारी पूरी कर ली है। कोविशील्ड व कोवैक्सीन की 2.34 लाख डोज विभिन्न जिलों में वितरित किया गया है।
राज्य सरकार ने 14 मई से 18 से 44 वर्ष के लोगों के लिए टीकाकरण अभियान की शुरुआत को लेकर हर स्तर पर मुकम्मल व्यवस्था की है। अभी तक राज्य के 18-44 आयुवर्ग में लगभग 30 हजार लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। लेकिन, कई जिले ऐसे हैं, जहां अभी भी लोगों में टीकाकरण को लेकर जागरूकता नहीं दिख रही है।
बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने पहले ही घोषणा की थी कि 14 मई 2021 से 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। लोगों को वैक्सीनेशन के लिए कोई शुल्क देने की आवश्यकता नहीं है, राज्य सरकार नि:शुल्क वैक्सीनेशन का कार्य कर रही है। हालांकि इस उम्र के वर्ग के लोगों द्वारा वैक्सीन के लिए कम रजिस्ट्रेशन करने पर भी चिंता जताई थी।
टीकाकरण को लेकर लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए विभिन्न माध्यमों का सहारा सरकार ले रही है। जनजातीय भाषाओं में भी सरकार टीकाकरण से संबंधित प्रचार कर रही है। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में सखी मंडल की दीदीयां भी प्रचार में जुटी हैं। मुख्यमंत्री ने खुद टीका का डोज लेकर राज्य के लोगों को यह संदेश दिया है कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और इससे कोई नुकसान नहीं होगा, बल्कि इससे ही कोरोना को करारा जवाब दिया जा सकता है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा,” वैक्सीनेशन के प्रति कोई भ्रम अथवा असमंजस की स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। कोरोना का टीका पूरी तरह सुरक्षित और कारगर है यह संदेश लोगों के बीच अधिक से अधिक प्रेषित करें. हम सभी के जीवन की सुरक्षा कवच के रूप में वैक्सीन अहम होगी।”
सरकार के स्टॉक में इतने वैक्सीन
सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 10 मई तक केंद्र सरकार के कोटे से 4,14 340 डोज कोवैक्सीन के और 2,34,400, डोज कोवीशील्ड के वितरण के लिए स्टॉक में हैं। रांची में राज्य सरकार के स्टॉक में को-वैक्सीन की 1,34,400 और कोवीशील्ड की 1, 00, 000 डोज उपलब्ध है। ये सभी वैक्सीन राज्यवासियों को निःशुल्क दिये जायेंगे।
किसे जिला में कितनी वैक्सीन भेजी गई?
- जिला, कोवैक्सीन, कोवीशील्ड, कुल
- बोकारो 2630, 4230, 6860
- चतरा 6600, 8130 14730
- देवघर 4570, 12760, 17330
- धनबाद 20410 2860 23270
- दुमका 24620 15290 39910
- ईस्ट सिंहभूम 5320, 4320, 9640
- गढ़वा 8240, 8960, 17200
- गिरिडीह 23190, 9150 32340
- गोड्डा 9280, 7580, 16860
- गुमला 12070, 3130, 15200
- हजारीबाग 19480, 7230, 26710
- जामताड़ा 6280, 6530, 12810
- खूंटी 15820, 4490, 20310
- कोडरमा 5370, 5980, 11350
- लातेहार 3850, 7400, 11250
- लोहरदगा 11430, 7330, 18760
- पाकुड़ 10670, 6230, 16900
- पलामू 32510, 7220, 39730
- रामगढ़ 680, 4890, 5570
- रांची 9110, 7030, 16140
- साहिबगंज 8370, 7620, 15990
- सरायकेला खरसावां 700, 1260, 1960
- वेस्ट सिंहभूम 9960, 3690, 13650