Jamui: बिहार के जमुई में शनिवार को एक पुलिसकर्मी ने खुदकुशी की नियत से खुद को गोली मार ली। नगर थाना में तैनात बिहार पुलिस के जवान गुंजन कुमार ने पारिवारिक झगड़े में ये कदम उठाया और खुद को गोली मार ली। रेफर होने के बाद पटना जाने के क्रम में जवान गुंजन कुमार की मौत हो गई। बिहार पुलिस के इस जवान ने अपने सर्विस रिवाल्वर से इस घटना को शहर के बिहारी मोहल्ले स्थित अपने आवास पर अंजाम दिया।
घटना के बाद जवान को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से बेहतर इलाज के लिए डॉक्टर ने उसे पटना रेफर कर दिया। लेकिन पटना जाने के दौरान उसकी मौत रास्ते में ही हो गई।
जानकारी के अनुसार बिहार पुलिस का जवान गुंजन कुमार का उसकी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। खुद को गोली मारने के पहले जवान ने बीती रात नाइट ड्यूटी भी की थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके आवास से सर्विस रिवाल्वर को बरामद कर लिया। बिहार पुलिस का यह जवान बेगूसराय जिले का रहने वाला था, जो वर्तमान में नगर थाना में पोस्टेड था और टाइगर मोबाइल की टीम में शामिल होकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गश्ती दल में शामिल था।
बताया जा रहा है कि बीती रात भी वह ड्यूटी कर सुबह में घर लौटा था। जहां उसकी कहा सुनी पत्नी के साथ हुई और फिर खुद को गोली मार ली। घटना के बाद जवान के आवास पर पहुंची पुलिस की टीम उसे सदर अस्पताल इलाज के लिए पहुंचाया। जवान गुंजन कुमार का 3 साल का एक लड़का है। घटनास्थल के आसपास से जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक खुद को गोली मारने वाले पुलिस के जवान की उसकी पत्नी से नहीं बन रही थी। हाल के कुछ दिनों से दोनों के बीच विवाद और गहरा हो गया था जिस कारण उन दोनों के बीच में बातचीत भी बंद थी।