

हजारीबाग।

हजारीबाग जिले के इचाक थाना क्षेत्र के NH 33 रांची-पटना मार्ग पर बरियठ गांव के पास तेज रफ्तार कार ने ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। घटना में इचाक थाना क्षेत्र के तिलरा गांव के दो सगे भाई और पुत्र की मौत हो गई। मृतकों में झारखंड कॉलेज, डुमरी के प्रोफेसर बिरजू राणा, रांची में मेधा डेयरी के इंचार्ज मनोज शर्मा और बिरजू राणा का पुत्र अमित कुमार शामिल है। जबकि बिरजू राणा का दूसरा पुत्र जो कार ड्राइव कर रहा था, सुमित कुमार सुरक्षित है।

प्रोफेसर बिरजू राणा और मनोज शर्मा की मौत तो घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि अमित कुमार घायल हो गया था, जिसे इलाज के लिए स्थानीय लोगों एवं पुलिस की मदद से हजारीबाग सदर अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना मंगलवार को करीब दो बजे दिन की है।

जानकारी के अनुसार सभी कार से रामगढ़ से अपने घर इचाक प्रखंड के तिलरा जा रहे थे। तभी ये हादसा हुआ। घटना के बाद ट्रक चालक तेज गति से ट्रक लेकर भागने में सफल रहा।
इधर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो जाने से पुरे गांव में मातम छा गया है। रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल है।



