Ranchi: झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (JSSC-CGL) धांधली मामले में कई चयनित संदिग्ध अभ्यर्थी इन दिनों जांच के दायरे में आने वाले हैं।

पीड़ित व जागरूक अभ्यर्थियों ने एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है। इस रिपोर्ट के मुताबिक रांची, साहिबगंज, जामताड़ा, चाईबासा, गुमला और चतरा जिले में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, असिस्टेंस सेक्शन ऑफिसर समेत अन्य पदों पर पोस्टेड कई संदिग्ध चयनित अभ्यर्थियों के नाम का जिक्र किया गया है, जो आने वाले दिनों में जांच के दायरे में आ सकते हैं।

परीक्षा का रोल नंबर समेत कई डिटेल साझा किया गया है:
रिपोर्ट में संदिग्ध चयनित अभ्यर्थियों के परीक्षा के रोल नंबर, वर्तमान पदस्थापन, गृह जिला और डेट ऑफ बर्थ समेत कई डिटेल भी साझा किए गए हैं। आगे कहा गया है कि यह सूची परीक्षार्थियों द्वारा संदेहास्पद पाए गए मामलों के आधार पर तैयार की गई है। अतः इस पर सक्षम प्राधिकार और जांच एजेंसी द्वारा त्वरित निष्पक्ष संज्ञान लेकर जांच किया जाना अनिवार्य है।
धांधली की आशंका व्यक्त करते हुए अभ्यर्थियों ने आयोग और संबंधित विभागों से कई बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई की मांग की है:
- आयोग अभ्यर्थियों की मूल OMR शीट, परीक्षा केंद्रों के CCTV फुटेज और बायोमेट्रिक उपस्थिति आंकड़ों का गहनता से मिलान करे।
- खाद्य एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय, राजस्व, श्रम और कार्मिक विभाग में पदस्थापित या अनुशंसित इन संदिग्ध रोल नंबरों व मेधा क्रमांकों की जांच की जाए।
- चयन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए किसी निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच एजेंसी से इन सभी आठ मामलों की पड़ताल कराई जाए।
बता दें कि इस मामले में CID की जांच जारी है और कईयों की गिरफ्तारी हो चुकी है।



