Deoghar: स्कूली बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। जिला स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता में कुल पांच खेलों को शामिल किया गया है। इनमें एथलेटिक्स, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल और कबड्डी शामिल हैं।

झारखंड शिक्षा परियोजना, देवघर की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार अंडर-17 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। देवघर में जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 15 सितंबर से 18 सितंबर तक किया जाएगा। इसमें प्रखंड स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर विजेता बने खिलाड़ी और टीमें जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

जारी कार्यक्रम के अनुसार 15 सितंबर को एथलेटिक्स प्रतियोगिता केकेएन स्टेडियम, देवघर में होगी। 16 सितंबर को खो-खो और वॉलीबॉल के मुकाबले सीएम सीनियर मीरा प्लस टू स्कूल, देवघर में आयोजित किये जाएंगे। वहीं 18 सितंबर को फुटबॉल प्रतियोगिता केकेएन स्टेडियम तथा कबड्डी प्रतियोगिता सीएम सीनियर मीरा प्लस टू स्कूल में होगी।
प्रतियोगिता को लेकर स्पष्ट किया गया है कि प्रखंड स्तर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में विजेता रहे खिलाड़ियों और टीमों की जिला स्तर पर सहभागिता सुनिश्चित करायी जाएगी। इससे प्रखंड स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर चुके स्कूली खिलाड़ियों को जिला स्तर पर बड़े मंच पर खेलने का मौका मिलेगा। खिलाड़ियों में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
जिला स्तर की प्रतियोगिता को लेकर स्कूली खिलाड़ियों में उत्साह है। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों और शिक्षकों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है।



