
Deoghar: जिले के कुंडा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में डकैती की घटना को अंजाम दिया है। बदमाश पुलिस बनकर घर में घुसे और घरवालों को बंधक बनाकर लाखों की संपत्ति की डकैती कर फरार हो गए। घटना कुंडा थाना के गौरीपुर गांव की है। जहां रविवार देर रात बदमाशों ने एक घर में लाखों की डकैती की घटना को अंजाम दिया है।

बताया जा रहा कि आसनसोल से देवघर मंडी तक पिकअप वैन चलाकर सब्जी पहुंचाने का काम करने वाले नंदन मंडल के घर उस वक़्त बदमाशों ने तांडव मचाया जब वो देर रात घर से आसनसोल के लिए निकल चुका था। तभी देर रात दरवाजे पर करीब दर्जन भर वर्दीधारियों की दस्तक हुई। पुलिस बन बदमाशों ने दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई और कहा कि हम छत्तीसगढ़ साइबर पुलिस से हैं। हमें नन्दन की तलाश है। अगर दरवाजा नहीं खोला तो गोली मार देंगे।


नन्दन के मुताबिक, आवाज सुन डर से पिता चंद्रमोहन मंडल ने दरवाजा खोल दिया। उसके बाद वे सभी जबरन घर के अंदर घुस गए। फिर घर में मौजूद बच्चे और महिला सहित सभी सात लोगों को कब्जे में ले लिया। इस दौरान माँ और पिता के साथ उन लोगों ने हाथापाई भी की। सभी घरवालों को बदमाशों ने छत पर बने एक कमरे में कैद कर दियाऔर घर के आलमारी, दीवान आदि का सारा सामान बिखेर कर गहना और नगद लेकर बाहर से दरवाजा बंद करके भाग गए। उसके बाद जब घरवालों ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों द्वारा दरवाजा को खोला गया।
जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बदमाशों ने घर से पांच से छह भर सोने की ज्वेलरी, काफी मात्रा में चांदी का जेवर और करीब 30 हजार रुपए नगद लूट लिया है।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार सदलबल मौके पर पहुंची और घटना की छानबीन की।


