धनबाद।

अपने चचेरे भाई नीरज सिंह की हत्या की साजिश में जेल में बंद झरिया के पूर्व भाजपा विधायक संजीव सिंह अब दुमका जेल में रहेंगे।

झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह को धनबाद जेल से दुमका सेंट्रल जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। संजीव सिंह पर पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की हत्या की साजिश रचने का आरोप है।

धनबाद जेल प्रशासन ने संजीव को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में दुमका जेल भेजा। जेल प्रशासन ने धनबाद जेल में संजीव की जान को खतरा बताते हुए दुमका सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया है। हालांकि समर्थकों का आरोप है कि यह सब झरिया की विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह के दबाव में किया गया है। पूर्णिमा अपने पति नीरज की हत्या का बदला ले रही है।
बता दें, संजीव पर ही धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की हत्या की साजिश रचने का आरोप है।
दुमका जेल शिफ्ट किए जाने के बाद संजीव सिंह की पत्नी भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रागिनी सिंह ने भी मोर्चा खोल दिया है।
वहीं, संजीव सिंह को दुमका जेल शिफ्ट करने की सूचना मिलने पर धनबाद जेल के बाहर समर्थकों की सुबह से ही भीड़ दिखी। समर्थकों ने कहा कि संजीव सिंह की तबियत जेल के अंदर काफी खराब है। डॉक्टरों ने उनके इलाज के लिए बड़े संस्थान में भेजने की सलाह दी है। इधर, शनिवार को उनकी ओर से अधिवक्ता मो जावेद ने अदालत में आवेदन देकर इलाज के लिए बड़े चिकित्सिय संस्थान में भेजने की गुहार लगाई है जिसपर मंगलवार को सुनवाई हो सकती है। इसी बीच जेल प्रशासन ने संजीव को धनबाद से दुमका भेजने का आदेश जारी कर दिया। संजीव के अधिवक्ता जावेद ने बताया कि जेल प्रशासन के द्वारा जान बूझकर राजनीतिक षड्यंत्र के तहत यह काम किया गया है। इस कारण सोमवार को जेल पदाधिकारियों के विरुद्ध कोर्ट में मुकदमा दायर करेंगे।


