Deoghar : पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के आदेशानुसार साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे लगातार अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 24 अक्टूबर को तीन साइबर अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों पर साइबर अपराध में संलिप्त होने का आरोप है।
डकाय जंगल में मिली थी साइबर अपराधियों की सूचना

प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर देवघर जिले के सारठ थाना अंतर्गत डकाय जंगल में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधियों द्वारा फर्जी तरीके से आम लोगों को ठगी का शिकार बनाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आलोक में पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान तीन साइबर अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता पाई गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम-पते

सिंकू भोक्ता, ग्राम ढीबा, थाना पथरड्डा ओपी (सारठ), चंदन यादव, ग्राम बड़ा मोहनपुर थाना सोनारायठाढ़ी, जिला देवघर, रौशन कुमार मंडल, साकिन चोरखेदा, थाना जरमुंडी, जिला दुमका
एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेने का आरोप
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की अपराध शैली में एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेकर ठगी करना शामिल है। इसके लिए पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान आदि के नाम पर एपीके फाइल भेजी जाती थी।
इसके अलावा आरोपियों पर फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को झांसे में लेने का भी आरोप है। पुलिस के मुताबिक आरोपी एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड बंद होने की बात कहकर तथा आम सहायता के नाम पर कार्ड को पुनः चालू कराने का झांसा देकर ठगी करते थे।
मोबाइल, सिम व एटीएम कार्ड बरामद
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 03 मोबाइल फोन, 04 सिम कार्ड और 02 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
ये पुलिस पदाधिकारी रहे छापेमारी टीम में
छापेमारी दल में पुनि नागेंद्र कुमार मंडल, साइबर थाना देवघर एवं अन्य सशस्त्र बल देवघर, पुअनि सह थाना प्रभारी सोनारायठाढ़ी थाना रोहित दांगी, पुअनि सह थाना प्रभारी सारठ थाना दीपक कुमार शाह एवं अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।



