Deoghar News : मकान निर्माण कराने के नाम पर 10 लाख 37 हजार 150 रुपये की ठगी करने का आरोप लगाते हुए कोरियासा निवासी रिशु दूबे ने देवघर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर आरोपी ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।उसने बसुवाडीह स्थित रत्ना गार्डन मैरिज हॉल के सामने वाली गली में अपना मकान बनवाने के लिए ठेकेदार शेख रमजान से बातचीत की थी।

दर्ज मामले में अप्रैल 2026 में दो लाख रुपये अग्रिम देने के बाद ठेकेदार ने मकान निर्माण का काम शुरू किया। इसके बाद जल्द निर्माण पूरा कराने और मजदूरों के भुगतान का हवाला देकर अलग-अलग माध्यमों से किस्तों में रुपये लिए।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसके एचडीएफसी बैंक खातों से ऑनलाइन माध्यम से 6 लाख 52 हजार 150 रुपये और भारतीय स्टेट बैंक के खाते से 35 हजार रुपये ठेकेदार के एक्सिस बैंक खाता संख्या 925010036422907 तथा भारतीय स्टेट बैंक खाता संख्या 39572326614 में ट्रांसफर करवाए गए।
निर्माण कार्य अधूरा छोड़ने का आरोप
रिशु दूबे के मुताबिक, रुपये लेने के बाद ठेकेदार ने मकान का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया और टालमटोल करने लगा। कुछ दिनों बाद ठेकेदार ने अपनी बुलेट बाइक उनके पास गिरवी रखकर उनसे डेढ़ लाख रुपये और 50 हजार रुपये नकद लिए। इसके बाद आरोपी पर मारपीट करते हुए जबरन बुलेट बाइक वापस ले जाने और चोरी के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
मामले में आरोप लगाया है कि ठेकेदार शेख रमजान ने धोखाधड़ी और छल-कपट से मकान निर्माण के नाम पर कुल 10 लाख 37 हजार 150 रुपये लिए। इसके बावजूद न तो निर्माण कार्य पूरा किया जा रहा है और न ही रकम वापस की जा रही है। शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि पूछताछ के दौरान उसे जानकारी मिली कि ठेकेदार ने उसके अन्य परिचितों से भी मकान बनाने के नाम पर इसी तरह रुपये लिए हैं।
मामले में आरोपी शेख रमजान के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने और कथित ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की गई है। आरोपी का पता ग्राम हिरणा, अटल स्मृति पार्क रोड, बिमर ईदगाह के पास, शमशेर आलम के मकान में किरायेदार थाना, जिला देवघर बताया गया है।



