
Giridih: गिरिडीह में बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सत्यम कुमार जमुआ थाना क्षेत्र के तारा गांव का रहने वाला था। हादसा सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बागोडीह मोड़ पर हुआ।

सत्यम कुमार एक मोटरसाइकिल शोरूम में कार्यरत था। वह एक शोरूम से नई बाइक लेकर दूसरे शोरूम पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान बागोडीह मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बाइक समेत युवक को लगभग 15 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस भयावह हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत सरिया थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बगोदर ट्रामा सेंटर भेज दिया।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक और खलासी वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक व खलासी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।


