चतरा।

झारखंड के चतरा में बेलगाम अपराधियों ने दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, चतरा जिला ट्रक ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रह्लाद सिंह बुकरु रोड में किसी परिचित के घर बैठे थे। इसी दौरान हमलावरों ने उन्हें अपनी गोली का निशाना बनाया। गोली प्रहलाद सिंह और एक अन्य मजदूर मनोज चौधरी को लगी है। घटना टंडवा थाना इलाके के धनकड़ा-बुकरू रोड की है।

प्रहलाद सिंह को सीने में गोली मारी गई है, वहीं मजदूर को बाएं हाथ में गोली लगी है। गंभीर रूप से जख्मी प्रहलाद सिंह को गंभीर अवस्था में ग्रामीणों के सहयोग से बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया। दूसरे घायल मजदूर को पुलिस ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।
इधर घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची टंडवा थाना पुलिस ने घटनास्थल से पांच खाली खोखा बरामद किया है। एसपी ऋषभ झा ने दावा किया कि घटना को अंजाम देने वाले हमलावरों को जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा।
परिजनों के अनुसार प्रह्लाद सिंह को विभिन्न नक्सली संगठनों की ओर से लगातार धमकी मिल रही थी। इसके अलावा कोल कंपनियों की ओर से ट्रक मालिकों का भाड़ा बकाया रखने के कारण उन पर बाजार का भी कर्ज था। ऐसे में घटना को अंजाम किसने और किन कारणों से दिया है इसका पता लगाने में पुलिस जुटी है।



