औरंगाबाद (बिहार)
बिहार के औरंगाबाद में संपत्ति के विवाद में नौ माह के मासूम की जान ले ली गयी। इस मासूम का कसूर बस इतना था कि दादा ने संपत्ति मासूम बच्चे नाम कर दिया था। दिल दहला देने वाली यह घटना माली थाना क्षेत्र के चरण गांव की है, जहां दो भाइयों के बीच संपत्ति का विवाद चल रहा था।
मां की गोद से छीन मासूम की ले ली जान
ग्रामीणों के अनुसार हरिओम सोनी और संतोष सोनी के बीच जमीन का विवाद चल रहा था। मृत बच्चे के दादा ने अपनी जमीन उसके नाम कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में विवाद चल रहा था। बीती रात जमीन को लेकर विवाद गहरा गया। दोनों के बीच जमकर कहासुनी हुई। इसी बीच संतोष की पत्नी के सगे भाई की बेटी रानी (18) ने हरिओम की पत्नी की गोद से 9 माह के बच्चे को छीन लिया और उसे लेकर घर से बाहर निकल गई। इस बीच घर में कहासुनी होती रही। दोनों भाई व उनकी पत्नियां लड़ती रहीं। कुछ देर बाद रानी वापस घर आई लेकिन मासूम बच्चा उसके साथ नहीं था। अपने बेटे को रानी के साथ नहीं देख हरिओम और उसकी पत्नी घबरा गई। घर में मौजूद सभी लोगों ने बच्चे की काफी खोजबीन की पर कहीं कुछ भी पता नहीं चला। गुरुवार सुबह बच्चे का शव घर के बाहर बने शौचालय की टंकी से बरामद हुआ तो सनसनी फैल गई। युवती ने मासूम को उसकी मां की गोद से छीनकर गला दबा दिया। और उसके शव को शौचालय की टंकी में फेंक दिया था।
ग्रामीणों का कहना है कि संतोष सोनी की सास और उसके साले की बेटी रानी छठ पूजा के समय से ही चरण गांव में रह रही थी। किसी ने सोचा नहीं था कि जमीन के कारण एक मासूम की जान चली जाएगी।
दो पुलिस हिरासत में
संपत्ति विवाद में ऐसी वारदात का खुलासा होते ही गांव में हड़कंप मच गया। गुरुवार सुबह घटनास्थल पर भीड़ लग गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस आरोपी युवती रानी समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है।
मृतक बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।