
Deoghar: एनटीए (NTA) ने राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (NEET) 2021 का रिजल्ट आज घोषित कर दिया है। NTA ने छात्रों को ईमेल के माध्यम से स्कोरकार्ड भेजे हैं. परिणाम अब neet.nta.nic.in पर उपलब्ध हैं।

इस साल नीट यूजी परीक्षा में मृणाल कुटेरी ने AIR 1 हासिल किया है, इसके अलावा तन्मय गुप्ता ने रैंक 2 और कार्तिका जी नायर ने AIR 3 हासिल की है। वहीं, इस परीक्षा में देवघर की बेटी शिवानी सिंह ने ऑल इंडिया में 3774 रैंक हासिल किया है।

शिवानी को कुल 720 अंक में 651 अंक (परसेंटाइल 99.7462236) प्राप्त हुए हैं। शिवानी की सफलता से उनके घर में ख़ुशी का माहौल है। शिवानी ने 10वीं तक की पढाई संतफ्रांसिस स्कूल जसीडीह व 12वीं की परीक्षा संतफ्रांसिस स्कूल देवघर से पास किया था। जिसके बाद वो नीट परीक्षा की तैयारी में जुट गयीं।
खास बात ये रही कि नीट परीक्षा की तैयारी के लिए शिवानी ने किसी तरह की कोचिंग की मदद नहीं ली। बल्कि उसने अपने घर में ही इंटरनेट की मदद से नीट की तैयारी की और अपनी मेहनत व लगन के बल पर ये सफलता प्राप्त की।
शिवानी सिंह ने इस सफलता से खुश होकर अपने दादा स्व0 रंग बहादुर सिंह को याद किया। उसने कहा कि दादाजी का सपना था कि वो डॉक्टर बनें। उनके सपने को पूरा करने की ओर कदम बढ़ चुके हैं। डॉक्टर बन शिवानी लोगों की सेवा करना चाहती हैं।
उधर, शिवानी की सफलता पर नाना द्वारिका प्रसाद सिंह, पिता रवींद्र सिंह, मां रीना सिंह, बहन शालिनी सिंह, मामा जितेंद्र कुमार सिंह और दीपक कुमार, मामी डॉ उषा सिंह आदि ने मिठाई खिलाकर शिवानी को बधाई दी। शिवानी का पूरा परिवार ख़ुशी मना रहा और बेटी को बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दे रहा।


