
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया कुमुदनी घोष रोड निवासी मो. असलम ने नगर थाना में नामजद आरोपितों के खिलाफ मारपीट कर जख्मी कर छिनतई करने का मामला दर्ज कराया है। मामले में हिरणा मोहल्ला निवासी अयुब शेख, मो. मासुम, मो. समशेर, मो. जावेद, शशि शेख को आरोपित बनाया गया है।

पीड़ित का आरोप है कि 13 अप्रैल को सभी आरोपित उसके घर में घुसकर गाली -गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। विरोध करने पर पीड़ित के अलावा उनकी पत्नी व पुत्र के साथ भी मारपीट कर जख्मी कर दिया। इसी क्रम में पीड़ित की पत्नी के गले से चांदी की सिकड़ी, कानबाली छीन लिया। हो हल्ला करने पर आसपास के लोग जमा होने लगे तो आरोपित धमकी देकर वहां से चला गया।

कुछ देर बाद पीड़ित अपने स्वजनों के साथ टोटो पर सवार होकर नगर थाना शिकायत करने जा रहा था तो आरोपित मो. मासूम से छूरा से उसपर वार कर दिया। जिससे वह जख्मी हो गया। टोटो को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


