देवघर:
श्रावणी मेला, 2018 के उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा मदरसा मैदान स्थित शिवलोक परिसर में दीप प्रज्जवलित कर चारों धाम और बारह ज्योर्तिलिंग का उद्घाटन किया गया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा श्रावणी मेला के दौरान देवनगरी में चारों धाम एवं बारह ज्योर्तिलिंग के प्रतिकृति के निर्माण के रूप में बहुत ही अच्छी पहल की गई है। इससे यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं को एक ही जगह पर भारत के चारों धाम एवं बारह ज्योर्तिलिंग के प्रतिकृति का दर्शन करना संभव हो पायेगा।

सीएम द्वारा कहा गया कि शिवलोक परिसर में चार धाम और बारह ज्योर्तिलिंग की जो प्रतिकृति बनायी गई है उसे जल्द हीं यहाँ मूर्त रूप दिया जायेगा। ताकि यह सुविधा यहाँ वर्ष भर रहे एवं यहाँ आने वाले लोग सालोंभर उसका दर्शन कर सकें। उन्होंने आगे कहा कि जो श्रद्धालु पैसे के अभाव में चारों धाम और बारह ज्योर्तिलिंग का दर्शन करने नही जा पाते हैं, वो यहाँ शिवलोक परिसर में चारों धाम एवं बारह ज्योर्तिलिंग के प्रतिकृति का दर्शन कर सकेंगे। इससे उन्हें सुखद अनुभूति होगी। साथ हीं यहाँ पर्यटन को बढ़ावा भी मिलेगा।
यहाँ आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि से राज्य के अर्थव्यवस्था को तो बल मिलेगा हीं साथ हीं रोजगार के नये अवसर भी सृजन होंगे। उन्होंने आगे कहा कि सरकार का प्रयास है कि 2022 तक एक-एक गांव समृद्ध हो जाय, क्योंकि जब तक किसी भी राज्य का गांव व वहां रहने वाले लोग समृद्ध नहीं होंगे तब तक वह राज्य समृद्ध नहीं हो सकता है।
इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा शिवलोक परिसर में विभिन्न ग्राम उद्योग, कुटीर उद्योग एवं स्वयं सहायता समूह के महिलाओं के द्वारा लगाये गये हस्त निर्मित सामग्रियों के स्टाॅल का अवलोकन कर उनसे बातचीत की गयी। उन्होंने आगे कहा कि शिवलोक परिसर में जिस प्रकार स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अपने उद्यमशीलता का परिचय दिया है, उससे लगता है कि राज्य सरकार द्वारा उनके स्वावलंबन हेतु किये गए प्रयास सार्थक हो रहें हैं। अपने कार्य के प्रति जिम्मेवार ऐसी महिलाओं को राज्य सरकार और हुनरमंद बनाएगी। झारखण्ड में ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने में इन महिलाओं का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि यहां कि उद्यमशील महिलाएँ अगरबत्ती बना रही है। ऐसे में सरकार चाहती है कि अन्य राज्यों से निर्मित अगरबत्ती से अधिक यहां के महिलाओं द्वारा निर्मित अगरबत्ती का हीं प्रयोग यहाँ किया जाय, ताकि उन्हें प्रोत्साहन देते हुए उनके आय में वृद्धि लायी जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार का यह प्रयास है कि ग्राम उद्योग के माध्यम से लोगो की आय मे वृद्धि की जाय, ताकि संकल्प से सिद्धि प्राप्त किया जा सके।
इस अवसर पर मंत्री अमर कुमार बाउरी, मंत्री लुईस मरांडी, मंत्री राज पलिवार, गोड्डा सांसद निशिकांत दूबे, देवघर विधायक नारायण दास, विधायक बादल पत्रलेख, विधायक राधाकृष्ण किशोर, पर्यटन सचिव मनीष रंजन सहित विभिन्न आलाधिकारी व श्रद्धालु आदि उपस्थित थे।



