
Deoghar: राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन ने स्थानीय श्रद्धालुओं और शिवभक्तों के लिए एक ऐतिहासिक और जन-हितैषी निर्णय लिया है।

बाबा मंदिर प्रभारी पदाधिकारी रवि कुमार द्वारा जानकारी दी गई है कि कल 26 अगस्त 2026 बुधवार को सुबह 09:00 बजे से शाम 06 तक (VIP एंट्री) के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण की विशेष व्यवस्था स्थानीय नागरिकों के लिए की गईं है। इस व्यवस्था के तहत बिना कोई शुल्क (कूपन राशि) दिए सीधे शीघ्र दर्शनम् कतार से बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सकेंगे।

नि:शुल्क शीघ्र दर्शनम् की मुख्य विशेषताएं और शर्तें:
पात्रता: यह सुविधा केवल और केवल देवघर जिले के स्थानीय निवासियों के लिए वैध होगी।
पहचान पत्र अनिवार्य: इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए श्रद्धालुओं को अपना स्थानीय आधार कार्ड या कोई भी अन्य फोटोयुक्त सरकारी पहचान पत्र (आईडी प्रूफ), जो उनके देवघर का निवासी होने का प्रमाण देता हो, साथ लाना अनिवार्य होगा।
तारीख और दिन: कल बुधवार को इस विशेष सुविधा की शुरुआत की जाएगी।
शुल्क में पूरी छूट: सावन के दौरान सामान्यतः ₹600 मूल्य पर मिलने वाला शीघ्र दर्शनम् कूपन स्थानीय लोगों के लिए निर्धारित दिन पूरी तरह (नि:शुल्क) रहेगा।
उपायुक्त ने इस संबंध में बताया कि पूरे सावन और श्रावणी मेले के दौरान देवघर के स्थानीय नागरिक पूरे सेवा भाव से देश-विदेश से आने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं की सेवा में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों के इसी सहयोग को देखते हुए प्रशासन उन्हें यह सम्मान दे रहा है।
जिला प्रशासन की यह जिम्मेदारी है कि बाबाधाम आने वाला हर श्रद्धालु, चाहे वह देश के किसी कोने से हो या स्वयं देवघर का निवासी, बाबा बैद्यनाथ के दरबार से एक सुखद और दिव्य अनुभूति लेकर लौटे। जिला प्रशासन ने सभी देवघर वासियों से अपील की है कि वे निर्धारित दिन मंदिर परिसर में अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करें और अपनी पहचान आईडी के साथ इस विशेष व्यवस्था का लाभ उठाएं।



