
Deoghar: राजकीय श्रावणी मेले के दौरान आज राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम ने एक त्वरित और सफल बचाव अभियान चलाकर एक ‘कांवरिया’ श्रद्धालु की जान बचाई। शिवगंगा तालाब के समीप स्थित भट्टर धर्मशाला के एक कुएं में गिरे 28 वर्षीय युवक को एनडीआरएफ ने मात्र 10 मिनट के भीतर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना मंगलवार दोपहर की है। लगभग 1:30 बजे स्थानीय लोगों ने एक पुरुष श्रद्धालु को भट्टर धर्मशाला के कुएं में गिरते देखा। इसकी सूचना तुरंत मेला कंट्रोल रूम को दी गई। कंट्रोल रूम से दोपहर करीब 1:35 बजे शिवगंगा तालाब पर तैनात एनडीआरएफ टीम को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अशोक कुमार के नेतृत्व में एनडीआरएफ की टीम (जिसमें 01 सब-ऑफिसर और 06 अन्य जवान शामिल) तुरंत घटना स्थल के लिए रवाना हुई। टीम 1:40 बजे मौके पर पहुंची और बिना वक्त गंवाए राहत कार्य शुरू किया।

एक जांबाज बचावकर्मी रस्सी और कैराबिनर के सहारे गहरे कुएं में उतरा और पीड़ित को सुरक्षित बांधा। इसके बाद रस्सी और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से दोपहर 1:45 बजे पीड़ित को कुएं से सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कैंप भेजा गया
कुएं से निकाले गए श्रद्धालु की पहचान 28 वर्षीय योगेंद्र चौधरी (पिता- श्री विलास चौधरी) के रूप में हुई है, जो बिहार के गया जिले के बोधगया के रहने वाले हैं। एनडीआरएफ की टीम ने बाहर निकालने के तुरंत बाद उन्हें प्राथमिक चिकित्सा सहायता (PHT) प्रदान की। वर्तमान में पीड़ित की स्थिति स्थिर है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पुलिस ओपी (OP) नंबर 06 को सौंप दिया गया, जहां से उन्हें आगे के इलाज और देखभाल के लिए मेडिकल कैंप भेज दिया गया है।



