
Deoghar: श्रावणी मेला की दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से पूरा देवघर शिवभक्ति के पावन रंग में सराबोर हो चुका है। चारों ओर केसरिया वस्त्रों में कांवरियों का हुजूम और गूंजते जयकारे बाबाधाम की भक्ति को और भव्य बना रहे हैं।

बाबा बैद्यनाथ के जलार्पण के लिए श्रद्धालुओं का अद्भुत और अकल्पनीय जनसैलाब उमड़ पड़ा है। दूसरी सोमवारी पर उमड़ी आस्था की यह भीड़ फिलहाल पूरे बाबाधाम को एक विशाल शिवभक्ति के उत्सव में बदल चुकी है।

देखें तस्वीरें:

























देर रात से ही लंबी लाइन
बाबा भोलेनाथ पर जलार्पण के लिए रविवार देर रात से ही कांवरियों की कतार लगनी शुरू हो गई थी. सोमवार सुबह तक मुख्य अर्घा से जलार्पण करने वाले श्रद्धालुओं की कतार बाबा मंदिर से करीब 20 किलोमीटर दूर कुमैठा स्टेडियम तक पहुंच गई। वहीं, बाय अर्घा से जलार्पण करने वाले कांवरियों की कतार सरदार पंडा लाइन, शिवगंगा लेन और वीआईपी गेट के सामने तक फैली रही।





भीड़ के मद्देनजर प्रशासन मुस्तैद
भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने रूटलाइन, कांवरिया पथ, होल्डिंग प्वाइंट और क्यू कॉम्प्लेक्स में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने अहले सुबह मेला क्षेत्र और रूटलाइन का निरीक्षण कर सुरक्षा, कतार प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रतिनियुक्त अधिकारियों और पुलिस जवानों को सेवा भाव, धैर्य और संयम के साथ श्रद्धालुओं का सहयोग करने तथा हर समय एक्टिव मोड में रहने का निर्देश दिया है।



स्वास्थ्य कैंप, सूचना-सहायता केंद्र, मातृत्व विश्राम गृह, पुलिस व ट्रैफिक ओपी सहित अन्य नागरिक सुविधाओं को भी निरंतर रखने को कहा गया है।






