
Deoghar: श्रावणी मेला के दौरान नगर निगम क्षेत्र में शराबबंदी लागू रहने के बावजूद अवैध शराब का कारोबार जारी है। इसका खुलासा लगातार पिछले दो दिनों से पुलिस की कार्रवाई में हो रहा है। दो दिन पूर्व नगर थाना पुलिस ने देवघर–जसीडीह मुख्य मार्ग पर वाहन जांच के दौरान एक कार से भारी मात्रा में शराब बरामद की थी।

ताजा मामला कुंडा थाना क्षेत्र का है। गुरुवार को कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार को गुप्त सूचना मिली कि एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति सारवां की ओर से अवैध शराब लेकर शहर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी सदलबल कुंडा मोड़ पहुंचे और वाहन जांच अभियान शुरू किया। पुलिस को जांच करते देख बाइक सवार दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया।

तलाशी लेने पर उनके बैग से 6 केन बियर, 5 बोतल ब्लेंडर प्राइड व्हिस्की, 6 बोतल रॉयल स्टैग व्हिस्की और 9 बोतल रॉयल चैलेंज व्हिस्की बरामद की गई। वहीं एक बाइक को भी जब्त किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के सिंघवा निवासी अजय कुमार गुप्ता तथा जसीडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर निवासी जितेंद्र पंडित के रूप में हुई है।
इस संबंध में कुंडा थाना में थाना प्रभारी एसआई प्रशांत कुमार के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।



