
Deoghar: कांवरिया पथ पर संचालित नमो सेवा शिविर का समापन हो गया है। समापन समारोह में पहुंचे दिल्ली के भाजपा सांसद व भोजपुरी सिनेमा स्टार मनोज तिवारी ने गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जिसने कांवरियों के रूप में भगवान शिव का दर्शन नहीं किया, उसने शिव का साक्षात भाव नहीं समझा कांवरियों की सेवा करना भगवान शिव की सेवा के समान है।

मनोज तिवारी ने कहा कि डॉ निशिकांत दुबे ने अपने संसदीय क्षेत्र में विकास के साथ कांवरियों की सेवा का भी बड़ा कार्य किया है। उनके अनुसार क्षेत्र में करीब डेढ़ लाख करोड़ रुपये की विकास योजनाओं पर काम हुआ है। उन्होंने कहा कि वे अपने क्षेत्र में करीब 23 हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाएं कराकर खुद को बड़ा सांसद समझ रहे थे, लेकिन निशिकांत दुबे का काम देखने के बाद उन्हें लगा कि वे उनकी कार्यशैली का 50 फीसदी भी अपनाने का प्रयास करें तो बड़ी बात होगी।

मनोज तिवारी ने कहा कि जब निशिकांत दुबे संविधान हाथ में लेकर बोलना शुरू करते हैं तो विपक्षी भी ध्यान से सुनने लगते हैं। उनके विरोधी भी मन ही मन चाहते होंगे कि उनके क्षेत्र का सांसद भी निशिकांत दुबे जैसा हो, ताकि विकास कार्य लगातार होते रहें। उन्होंने कहा कि डॉ. दुबे पर बाबा बैद्यनाथ की विशेष कृपा हैं, इसी कारण उनके क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मनोज तिवारी ने कहा कि सुल्तानगंज से कांवर लेकर आने वाले करीब 90 फीसदी लोग जेन जी होते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जेन जी को बदनाम करते हैं, और कहते हैं कि वे गाली देते वा गुस्सा करते हैं। वह कोई दूसरे जेन जी होंगे, जेन जी तो बाबा की भक्ति करते हैं और अपनी भारत माता से प्रेम करते हैं। असली जेन जी वही है। जो भक्तों के साथ कांवर यात्रा करते हैं और भक्ति व सेवा की भावना से बाबा बैद्यनाथ के दरबार तक पहुंचते हैं।
नमो सेवा शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने कहा कि नमो सेवा शिविर के माध्यम से उन्होंने कांवरियों में भगवान शिव के दर्शन करने का प्रयास किया है। डॉ दुबे ने कहा कि आरएसएस और भाजपा के कार्यकर्ता देश-विदेश में लोगों के सुख-दुख में सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। कांवरिया पथ पर शिविर के माध्यम से किया गया सेवा कार्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा के संस्कार, विचारधारा, सेवा और समर्पण की भावना का प्रतीक है। इसी भावना के साथ कांवरियों की सेवा का कार्य किया गया।
सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि भगवान शिव की अगर इक्षा रही तो अगले वर्ष और व्यापक रूप से नमो सेवा शिविर का आयोजन किया जायेगा।



