
Jajpur: बालासोर ट्रिपल ट्रेन हादसे के बाद बुधवार को फिर एक बड़ी दुर्घटना हुई। जाजपुर रोड रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी की चपेट में आने से चार मजदूरों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त भारी बारिश हो रही थी। इस वजह से मजदूर ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ी के नीचे बैठ गए। तभी अचानक मालगाड़ी चल पड़ी और मजदूरों को उसके नीचे से निकलने का मौका नहीं मिला।

अधिकारियों के मुताबिक, मजदूर मालगाड़ी के नीचे बैठकर आराम कर रहे थे। अचानक मालगाड़ी चल पड़ी। मजदूर जान बचाने के लिए भागे, लेकिन चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। चार मजदूरों में से तीन की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ा है। चार अन्य घायल हैं। उन्हें कटक के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतकों का शिनाख्त किया जा रहा है।
यह घटना ओडिशा के बालासोर जिले में दुखद ट्रिपल ट्रेन दुर्घटना के पांच दिन बाद हुई है, जिसमें 288 लोग मारे गए थे और 1200 से अधिक अन्य घायल हो गए थे।



