
Deoghar: देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र से हैरान करने वाक़्या सामने आया है। यहां शनिवार की सुबह अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में एक कारोबारी से 40.50 लाख रुपये लूट लिये।

बताया जाता है कि बिहार के बांका जिले के चांदन स्थित श्याम राइस मिल के मालिक श्याम सर्राफ उर्फ विक्की सुबह करीब 9:00 बजे राइस मिल से रुपये लेकर कोलकाता (हावड़ा) जाने के लिए निकले थे। उन्हें जसीडीह स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस पकड़नी थी। वह अपने एक परिचित के साथ बाइक से जसीडीह स्टेशन आ रहे थे। करीब 10:00 बजे दर्दमारा बॉर्डर के आगे पहुंचते ही एक स्कार्पियो पर सवार पांच अपराधियों ने उनकी बाइक को आगे रोका। उसमें से दो अपराधियों ने खुद को आयकर व GST अधिकारी बताया और श्याम सर्राफ को अपनी गाड़ी में बैठा लिया।

बदमाशों ने विक्की के साथ बाइक पर आ रहे परिचित को वहीं से वापस भेज दिया गया। अपराधी विक्की को लेकर आगे बढ़े। टाभाघाट के पास सुनसान स्थान पर स्कॉरपियो पहुंचते ही अपराधियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट कर 40.50 लाख रुपयों से भरा बैग छीन लिया।
रुपये लूटने के बाद अपराधी उसे लेकर जमुई जिले की ओर बढ़ने लगे। कुछ दूर आगे चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के चिहराढ़ाड़ी जंगल के पास अपराधियों ने विक्की को गाड़ी से उतार दिया। इसके बाद सभी अपराधी रुपये लेकर फरार हो गये।
घटना के बाद राइस मिल मालिक श्याम सर्राफ उर्फ विक्की ने 112 नंबर डायल कर बिहार पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चंद्रमंडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और विक्की को पूछताछ के लिए थाने ले गयी।
पूछताछ और जांच के बाद घटनास्थल जसीडीह थाना क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद बिहार पुलिस विक्की को लेकर जसीडीह थाना पहुंची। घटना की सूचना मिलने के बाद जसीडीह थाना पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की।
खबर लिखे जाने तक जसीडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी।



