
Deoghar News : श्रावणी मेला के दौरान टोटो चालकों से रंगदारी मांगने के मामले में नगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नगर थाना क्षेत्र के झौसागढ़ी सदर अस्पताल रोड निवासी आजाद चौहान तथा लक्ष्मीपुर चौक निवासी आलोक मठपति शामिल हैं। पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद जेल भेज दिया।

घटना को लेकर रोहिणी निवासी टोटो चालक राज नारायण वर्णवाल (49) ने नगर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है।मामले में कहा है कि वह रौशन दास, निवासी चमारीडीह, जसीडीह के टेम्पो को किराये पर चलाते हैं। श्रावण माह में वह टेम्पो से कांवरियों व यात्रियों को देवघर के पुराने बस स्टैंड, सदर अस्पताल, बैजनाथपुर व शहर के अन्य स्थानों से जसीडीह रेलवे स्टेशन तथा जसीडीह से देवघर शहर लाते हैं।

मामले के अनुसार, श्रावण माह के दौरान देवघर के राम मंदिर मोड़ एवं सदर अस्पताल रोड के आसपास तीन-चार असामाजिक तत्व टेम्पो-टोटो चालकों से प्रतिदिन 100 रुपये रंगदारी के रूप में लेते थे। रुपये नहीं देने पर मारपीट करने तथा शहर में टेम्पो-टोटो नहीं चलने देने की धमकी दी जाती थी। चालक के अनुसार, डर के कारण वह भी प्रतिदिन 100 रुपये देता था।
मामले में बताया गया है कि 8 अगस्त की रात करीब 12.15 बजे बैजनाथपुर से कांवरियों को बैठाकर जसीडीह रेलवे स्टेशन ले जाने के दौरान करीब 12.30 बजे सदर अस्पताल के पास वही तीन लोग टेम्पो रोककर 500 रुपये रंगदारी मांगने लगे। चालक ने 500 रुपये देने में असमर्थता जताते हुए प्रतिदिन लिये जाने वाले 100 रुपये लेने की बात कही।
आरोप है कि रुपये देने से इनकार करने पर तीनों ने टेम्पो का शीशा तोड़ दिया और चालक के साथ मारपीट की। साथ ही टेम्पो में बैठे कांवरियों को डराकर वहां से भगा दिया। इसी दौरान एक कांवरिये ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस के पहुंचते ही तीनों भागने लगे, जिसमें पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया।
पकड़े गये आरोपियों ने अपना नाम आजाद चौहान और आलोक मठपति बताया। वहीं भागने वाले तीसरे आरोपी का नाम अमित मंडल बताया गया है, जो कालीराखा का रहने वाला बताया गया है। घटना के बाद चालक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
इलाज के बाद उसने नगर थाना में आवेदन देकर गिरफ्तार दोनों आरोपियों के साथ फरार अमित मंडल के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।



