
Deoghar: साइबर अपराधी (Cyber Criminal) की तलाश में गुरुवार को महाराष्ट्र के सोलापुर सिटी के फौजदारी थाना की पुलिस देवघर पहुंची है। जिसमे दो पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं। तरणी गांव निवासी भूदेव सुरेंद्र मंडल के बारे में जानकारी महाराष्ट्र पुलिस ने मांगी है।

देवघर नगर थाना पहुंची महाराष्ट्र पुलिस द्वारा नगर थाना को लिखित प्रतिवेदन देकर आरोपी के नाम पता का सत्यापन करने व गिरफ्तारी करने में मदद का आग्रह किया गया है। लेकिन देवघर नगर थाना पुलिस द्वारा उन्हें जानकारी दी गई कि उक्त आरोपी नगर थाना क्षेत्र का रहने वाला नहीं है। इससे पहले टीम जसीडीह थाना भी गयी थी जहां भी जसीडीह पुलिस द्वारा कहा गया कि उक्त गांव जसीडीह थाना क्षेत्र में नहीं पड़ता है। जिसके बाद महाराष्ट्र पुलिस नगर थाना पहुंची। जहां से मोहनपुर थाना के लिए निकली।

महाराष्ट्र पुलिस ने बताया कि सोलापुर सिटी के फौजदारी थाना में साइबर ठगी से जुड़े 7 से 8 मामले दर्ज हैं। जिसकी जांच के लिए वे देवघर पहुंचे हैं। टीम ने ये भी बताया कि अभी तक उन्हें आरोपी भूदेव सुरेंद्र मंडल के बारे में जानकारी जुटाने में किसी भी तरह की सफलता नहीं मिली है। अब वे मोहनपुर थाना सहित अन्य थाना जाकर आरोपी को खोजने की कोशिश करेगी।


