
Deoghar: देवघर एसपी सुभाषचन्द्र के निर्देश पर उत्पाद पुलिस के द्वारा लगातार जिले में अवैध शराब के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग की छापेमारी टीम ने कुंडा थाना क्षेत्र के करणकोल मोड़ के पास एक ऑटो से अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मौके पर से दो तस्कर फरार हो गये।

बताया जाता है कि शराब तस्करों द्वारा पार्टी स्पेशल विस्की नामक विदेशी शराब बाहर से मंगवाकर उक्त शराब को आईबी तथा आरएस विस्की इत्यादि के नाम से बाजार में खपाने का कार्य किया जा रहा था। इनके द्वारा ऑटो में तहखाना बनाकर अवैध शराब की तस्करी की जा रही थी। बरामद अंग्रेजी शराब के बोतल पर सेल इन अरूणाचल प्रदेश लिखा हुआ है। जिसका झारखंड में सप्लाई करना प्रतिबंधित है। इनके द्वारा ऑटो में बने तहखाना में छिपाकर शराब को अवैध रूप से बिहार में भी सप्लाई किया जाता था।

उत्पाद दरोगा कांग्रेस कुमार ने बताया कि जब्त सभी शराब पूर्णत: नकली एवं अवैध है। इस तरह कृत्य से सरकार के राजस्व को भारी क्षति पहुंच रही थी तथा मानव उपयोग के लिए भी जानलेवा हो सकता है। गिरफ्तार तस्करों में अमर कुमार और अमित कुमार आर्या ठूठी मोहनपुर थाना चौथम जिला खगड़िया बिहार के नाम शामिल हैं। जबकि फरार हुए तस्करों में सुभाष कुमार यादव और अरूण कुमार के नाम शामिल हैं।
क्या हुआ बरामद
बरामद शराब में पार्टी स्पेशल विस्की 750 एमएल 48 बोतल, 375 एमएल 144 बोतल, 180 एमएल का 150 बोतल हैं।
छापामारी टीम में थे शामिल
गुप्त सूचना पर उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार श्रीवास्तव के द्वारा छापामारी टीम का गठन किया गया था। जिसमें अवर निरीक्षक कांग्रेस कुमार, सिपाही रामदेव पासवान, सुनील कुमार रजक, जनार्धन सिंह तथा गृह रक्षक के जवान शामिल थे।


