Deoghar News : बाजार समिति स्थित राज्य खाद्य निगम (JSFC) गोदाम में खाद्यान्न के ऑनलाइन स्टॉक और भौतिक सत्यापन के दौरान भारी अंतर मिलने का मामला सामने आया है। संयुक्त जांच दल की रिपोर्ट के आधार पर तत्कालीन सहायक गोदाम प्रबंधक कोमल कुमार पाठक पर कुल 22,007.37 क्विंटल खाद्यान्न के गबन का आरोप लगाया गया है।

इस संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रीमती प्रीतिलता किस्कू ने 26 अक्टूबर को कुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर विधिसम्मत कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा दर्ज कराये गए मामले के अनुसार राज्य खाद्य निगम गोदाम बाजार समिति देवघर में डीएसडी की कम प्रगति के कारणों की जांच के लिए गठित संयुक्त जांच दल ने 15 अक्टूबर 2026 को गोदाम का निरीक्षण किया था। इस दौरान ऑनलाइन विवरण और भौतिक सत्यापन में उपलब्ध खाद्यान्न की मात्रा में काफी अंतर पाया गया
चावल और गेहूं की भारी कमी

जांच प्रतिवेदन के अनुसार पीएच, एएवाई ग्रीन और आरबीसी सीएमआर योजनाओं के तहत कुल 19,164.25 क्विंटल चावल की कमी पाई गई। इसके अतिरिक्त पीएच और एएवाई से संबंधित खाद्यान्न विवरण में 2,843.12 क्विंटल गेहूं की कमी दर्ज की गई। इस प्रकार दोनों मदों को मिलाकर कुल 22,007.37 क्विंटल खाद्यान्न का स्टॉक कम पाया गया।
सीएमआर चावल के 7,907.49 क्विंटल का पता नहीं
पत्र में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 का भी उल्लेख किया गया है। इसके अनुसार, पीडीआरडी और वैष्णवी राइस मिल से प्राप्त 25,810 क्विंटल यानी 89 लॉट सीएमआर चावल को तत्कालीन सहायक गोदाम प्रबंधक कोमल कुमार पाठक ने अपने लॉगिन से रिसीव किया था। इसमें से 17,902.51 क्विंटल चावल का आरओ निर्गत किया गया था। शेष 7,907.49 क्विंटल चावल गोदाम में उपलब्ध होना चाहिए था लेकिन भौतिक सत्यापन के दौरान यह मात्रा गोदाम में नहीं मिली।
जांच दल को नहीं दिखाए गए स्टॉक और अन्य पंजी
जिला आपूर्ति पदाधिकारी के पत्र पर दर्ज किये गये मामले में कहा गया है कि जांच के दौरान तत्कालीन सहायक गोदाम प्रबंधक कोमल कुमार पाठक ने स्टॉक पंजी, सेल पंजी और इनवार्ड पंजी जांच दल के समक्ष प्रस्तुत नहीं किए। पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि पंजी कहीं अन्यत्र रखे हुए हैं। इसके अलावा अगस्त और सितंबर 2026 के ट्रक चालान जमा किए गए, लेकिन अक्टूबर 2026 का ट्रक चालान अब तक जमा नहीं किया गया था।
मामाले में आरोप लगाया गया है कि सरकारी पोर्टल पर अधिक स्टॉक प्रदर्शित होने के बावजूद गोदाम में खाद्यान्न उपलब्ध नहीं होना सरकारी खाद्यान्न के गबन और वित्तीय धोखाधड़ी का मामला प्रतीत होता है। जांच दल के समक्ष अभिलेख और पंजी प्रस्तुत नहीं करने को विभागीय जांच में बाधा डालने तथा तथ्यों को छिपाने के रूप में भी उल्लेखित किया गया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने खाद्यान्न की कमी के मामले में कोमल कुमार पाठक की सीधी संलिप्तता की आशंका जताई है।
बिहार के सहरसा जिले के निवासी हैं कोमल कुमार पाठक
विभागीय पत्र में सेवा पुस्तिका के आधार पर कोमल कुमार पाठक का स्थायी पता ग्राम लालगंज, पोस्ट बाड़ा, थाना बिहटा, प्रखंड सत्तार कटैया, जिला सहरसा, बिहार दर्ज है। उनका स्थानीय पता मोहल्ला बंधा, पीडीआरडी राइस मिल के पीछे, वार्ड संख्या 27, देवघर नगर निगम क्षेत्र बताया गया है।
मामले में विभाग की ओर से संयुक्त जांच प्रतिवेदन सहित ऑनलाइन स्टॉक विवरण, खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के आरबीसी सीएमआर आंकड़े, एनएफएसए डीएसडी रिपोर्ट, ट्रक रिसीव विवरण और ग्रीन डीएसडी रिपोर्ट समेत संबंधित दस्तावेज संलग्न किए गए हैं। कुंडा पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गयी है।



