Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के पुरानदहा मोहल्ले में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान बासुकीनाथ निवासी अजय मुर्मू (लगभग 26 वर्ष) के रूप में बताई गई है। अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, सूरज दास नामक एक व्यक्ति झुलसे हुए व्यक्ति को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचा था। अस्पताल पहुंचने के बाद वह अचानक वहां से फरार हो गया।
मृतक के परिजनों का अब तक पता नहीं

घटना के बाद मृतक के परिजनों का अब तक पता नहीं चल पाया है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस मृतक के परिजनों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस का प्रयास है कि मृतक के परिजनों का पता लगाया जा सके, ताकि आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जा सके और शव परिजनों को सौंपा जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।



