
Deoghar News : देवघर नगर थाना पुलिस ने बरमसिया इलाके में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नंदु महथा निवासी बरमसिय, थाना नगर, जिला देवघर के रूप में हुई है। इस संबंध में बुधवार को नगर थाना परिसर में सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी।

एसडीपीओ ने बताया कि 18 अगस्त को पुलिस अधीक्षक, देवघर को गुप्त सूचना मिली थी कि बरमसिया में सरकारी शराब दुकान से सटे नंदु नामक व्यक्ति अपनी दुकान में घर से लाकर छिपाकर अवैध शराब रखता है और उसकी बिक्री करता है। एसपी के निर्देश पर सूचना का सत्यापन करने के लिए पुलिस टीम को बरमसिया भेजा गया।

पुलिस टीम बरमसिया स्थित सरकारी शराब दुकान के पास राशन दुकान पहुंची तो एक व्यक्ति किराना दुकान से निकलकर भागने लगा। सशस्त्र बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम नंदु महथा बताया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान नंदु महथा ने बताया कि वह शराब की दुकान से अवैध तरीके से शराब लेकर अपने घर में रखता है और दो-चार पीस निकालकर राशन दुकान में बिक्री करता है। इसके बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई।
ये शराब और बीयर हुई जब्त
जब्त शराबों में स्टेर्लिंग रिजर्व बी7 180 एमएल 10 पीस, स्टेर्लिंग रिजर्व बी7 375 एमएल 11 पीस, रॉयल चैलेंज 375 एमएल 15 पीस, रॉयल चैलेंज 180 एमएल 17 पीस, रॉयल स्टैग 375 एमएल 12 पीस, रॉयल स्टैग 180 एमएल 10 पीस, आइकॉनिक व्हाइट 180 एमएल 44 पीस, गॉडफादर बीयर 500 एमएल 15 पीस
पुलिस के अनुसार, कुल 124 पीस शराब की बोतलें तथा 15 पीस बीयर जब्त की गई हैं।
मामले में नगर थाना कांड संख्या-320/26, दिनांक 18.08.2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में धारा 274/275 बीएनएस एवं 47(ए) झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी नंदु महथा को पुलिस ने न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई के लिए गठित छापामारी दल में पुनि सह नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर, पुअनि घनश्याम गंझु, पुअनि सुमंत प्रसाद, पुअनि शंकर कुमार रजक, पुअनि मुकेश कुमार तिवारी सहित देवघर नगर थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।



