
Jamui/Deoghar: जमुई जिले के लक्ष्मीपुर-झाझा मुख्य मार्ग पर मोहनपुर थाना क्षेत्र के कोहबरवा-झाझा मुख्य सड़क पर रविवार की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में मोहनपुर निवासी शनिचर यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सोमवार सुबह से सड़क जाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार, शनिचर यादव बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कार चालक बाइक सवार को करीब 500 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे के दौरान कार का एयरबैग खुल गया, जिसके बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर कोहबरवा-झाझा मुख्य मार्ग जाम कर दिया। मौजूद लोग मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा फरार कार चालक की शीघ्र गिरफ्तारी कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सोमवार सुबह भी सड़क जाम घंटों जारी रहा, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर मोहनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है तथा दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।


