Deoghar: देवघर में बेखौफ चोर आए दिन बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस हाथ पर हाथ धरे रह रही है। देवघर नगर थाना के महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित कनिष्का इंटरप्राइजेज में चोरों ने आठ माह में तीसरी बार हाथ साफ़ किया है। इस बार भी लाखों रूपये के मोबाइल, हेडफोन और अन्य उपकरण की चोरी हुई है।
घटना के संदर्भ में कनिष्का इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर रंजीत कुमार सिंह उर्फ़ जवाहर सिंह ने बताया कि देर रात शो रूम बंद सभी लोग घर चले गए थे। जब सुबह दुकान पहुंचे तो देखा कि दुकान के अंदर ग्रील टूटा हुआ है। कुछ सामान भी बिखरा पड़ा है। आनन-फानन में सभी कर्मचारी और मालिक शॉप पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को जानकारी की गयी।
जवाहर सिंह ने बताया कि पिछली बार की तरह ग्रिल तोड़कर चोर दुकान के अंदर प्रवेश किए हैं और शोरूम में रखे लाखों के सामान लेकर चंपत हो गए हैं। कीमत का आंकलन किया जा रहा है। वहीं सारी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
इधर, सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस बल मामले की छानबीन में जुट गई है।