
Jharkhand Weather: झारखंड में आज मौसम का मिजाज अचानक बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर अब झारखंड में साफ दिखने लगा है। इसके प्रभाव से राज्य के पश्चिमी और मध्य भागों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी प्रबल संभावना जताई गई है।

राज्य के पश्चिमी-मध्य भागों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी प्रबल संभावना जताई गई है।

वहीं दक्षिणी क्षेत्रों में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।
कई जिलों में तेज बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के कई इलाकों में तेज आंधी, मेघगर्जन और मूसलाधार बारिश की संभावना है।
खासकर रामगढ़, बोकारो और धनबाद के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है। यहां सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। कई जगहों पर रुक-रुक कर बारिश हुई। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, खुले स्थानों से दूर रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित रहने की अपील की है।
बताया गया है कि दिनभर बादल छाए रहने और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज होगी, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
राजधानी रांची सहित अन्य जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक राज्य में मौसम सक्रिय बना रहेगा।
17 जुलाई को गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, खूंटी, सरायकेला-खरसावां और सिंहभूम क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
18 जुलाई को भी राज्य के कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मानसून पूरी तरह सक्रिय होकर बारिश की कमी को काफी हद तक पूरा करेगा।


