
Deoghar: गुरुवार को देवघर कोर्ट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेशी के लिए लाया गया एक साइबर अपराधी पुलिस की गिरफ्त से फरार हो गया। हालांकि पुलिस की तत्परता और कोर्ट परिसर में मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से उसे कुछ ही देर बाद दोबारा पकड़ लिया गया।

जानकारी के अनुसार, साइबर थाना पुलिस करीब आधा दर्जन गिरफ्तार साइबर अपराधियों को पेशी के लिए देवघर कोर्ट लेकर पहुंची थी। कोर्ट परिसर में सभी आरोपितों का फिंगर प्रिंट लिया जा रहा था। इसी दौरान एक साइबर अपराधी हाथ से हथकड़ी निकालकर अचानक भाग निकला।

आरोपी के फरार होते ही मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल उसका पीछा शुरू किया।
कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों ने भी आरोपी को पकड़ने में पुलिस की मदद की। कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया गया और दोबारा पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया।
घटना के बाद कोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।


