
Deoghar: बिहार के बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र स्थित बाजार मोड़ के समीप कचरा चुनकर जीवनयापन करने वाले पति-पत्नी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद वार्ड में भर्ती कर लिया। घायल गुड़िया सोरेन के पति सुनील सोरेन ने बताया कि वे दोनों कचरा चुनकर अपना जीवनयापन करते हैं।

गुरुवार को भी वे कटोरिया बाजार मोड़ के पास कचरा बीन रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक असंतुलित अज्ञात वाहन ने जोरदार धक्का मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में दोनों का इलाज जारी है। वहीं, अज्ञात वाहन की पहचान और घटना की जांच को लेकर संबंधित पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।


