
Deoghar: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को को लेकर गुरुवार को आसनसोल रेल मंडल के डीआरएम संग्रह मौर्य ने जसीडीह, देवघर और बैद्यनाथधाम रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। डीआरएम ने स्टेशन परिसर, टिकट काउंटर, यात्री प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, पोर्टिको, न्यू सर्कुलेटिंग एरिया और प्रवेश-निकास द्वारों का जायजा लिया।

इस दौरान डीआरएम ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि मेले में देवघर आने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के बाद डीआरएम ने बताया कि श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को सुगम यातायात देने के लिए रेलवे मुस्तैद है। तीनों स्टेशनों पर टिकट वितरण प्रणाली, साफ-सफाई, भीड़ नियंत्रण और प्रवेश-निकास द्वारों पर विशेष सीसीटीवी और अधिकारियों के जरिए निगरानी रखी जाएगी।
डीआरएम संग्रह मौर्य ने जानकारी दी कि बैद्यनाथधाम स्टेशन पर पहले से चल रहे 10 टिकट काउंटरों के अलावा भक्तों की सुविधा के लिए 2 और नए टिकट काउंटर खोले जाएंगे। इसके साथ ही, श्रद्धालुओं के आवागमन को आसान बनाने के लिए 3 नई जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें चलाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जसीडीह स्टेशन से कुल 70 जोड़ी ट्रेनों का परिचालन हो रहा है. श्रावणी मेले के पावन अवसर पर इसमें 26 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की बढ़ोतरी की जाएगी, जिनमें 9 जोड़ी लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें भी शामिल हैं। आपात स्थिति के लिए जसीडीह स्टेशन पर अतिरिक्त ट्रेनों के रैक (Rake) भी तैयार रखे जाएंगे।
इसके अलावा श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए जसीडीह स्टेशन परिसर में करीब 80 हजार वर्गफीट का एक विशाल पंडाल बनाया जा रहा है।
डीआरएम ने बताया कि श्रावणी मेला में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के तहत आरपीएफ, जीआरपी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जो 24 घंटे नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) के जरिए सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।


